Bhuj the Pride Of India: इस समय बॉलीवुड में इतिहास की सच्ची घटनाओं पर आधारित कई फ़िल्में बनाई जा रही हैं और लोग इन्हें खूब पसन्द भी कर रहे हैं। अजय देवगन की फ़िल्म तानाजी ने लोगो का दिल जीत लिया। अब अजय अपनी एक और फ़िल्म ‘भुज:द प्राइड ऑफ इंडिया’ रिलीज करने जा रहे हैं। इस फ़िल्म का फर्स्ट लुक तो जनवरी में ही रिलीज हो गया था लेकिन हाल ही में फ़िल्म से सोनाक्षी का फर्स्ट लुक सामने आया है। इस फर्स्ट लुक से दशकों को यह पता चल गया कि इस फ़िल्म में सोनाक्षी का लुक कैसा होगा।
पाकिस्तान से युद्ध की कहानी है भुज
अजय देवगन की यह फ़िल्म भारत और पाकिस्तान के युद्ध की कहानी पर आधारित है। यह फ़िल्म वॉर एक्शन फ़िल्म होगी। सच्ची कहानी पर आधारित इस फ़िल्म का ट्रेलर भी जल्द ही लॉन्च किया जाने वाला है। इस फ़िल्म की कहानी भुज में हुए भारत पाकिस्तान के युद्ध पर आधारित है। इस युद्ध में भारतीय जवानों और पाकिस्तान के सैनिकों में घमासान भिड़ंत हुई थी जिसमें पाकिस्तान इस युद्ध में हार गया था। इस फ़िल्म में इसी किस्से को पर्दे पर उतारने की कोशिश की गयी है।
एक बहादुर महिला के रूप में सोनाक्षी
अजय देवगन स्टार इस फ़िल्म में सोनाक्षी एक बहादुर महिला का किरदार निभाने वाली है। इस महिला का नाम सुंदरबेन जेठा मधारपर्या है। सुंदरबेन जेठा मधारपर्या एक ऐसी बहादुर महिला थी जिन्होंने अपने गांव की 299 औरतों के साथ मिलकर पाकिस्तान के खिलाफ युद्ध में भारतीय जवानों की मदद की। गाँव की इन महिलाओं ने भारतीय सेना के लिए एक रनवे तैयार किया।
अजय देवगन बने विंग कमांडर विजय कार्णिक
इस फ़िल्म में अजय देवगन मुख्य रोल में हैं। फ़िल्म में अजय देवगन ने विंग कमांडर विजय कार्णिक का किरदार निभाया है। 1971 में हुए भारत पाकिस्तान युद्ध पर आधारित ‘भुज:द प्राइड ऑफ इंडिया’ में अजय देवगन उस महान विंग कमांडर का किरदार निभाने वाले हैं जिसने पाकिस्तान की तरफ से बमबारी के कारण जान का खतरा होने के बावजूद भी अपना ऑपरेशन जारी रखा।
डिज्नी+ हॉटस्टार पर रिलीज होगी भुज: द प्राइड ऑफ इंडिया
कोरोना वायरस के कारण देश में बुरे हालात हैं। इस समय थियेटर बन्द है और लोग थियेटर में जाने की स्थिति में भी नही हैं। लेकिन इस बीच ओटीटी प्लेटफॉर्म्स के विकास ने काफी रफ्तार पकड़ी है। इस साल सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली अधिकतर फ़िल्मों को ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर ही रिलीज किया जाएगा। अजय देवगन की इस फ़िल्म को भी वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफार्म ‘डिज्नी+ हॉटस्टार’ पर रिलीज किया जा रहा है। यह फ़िल्म पहले सिनेमाघरों में 14 अगस्त को रिलीज होनी थी। हो सकता है यह हॉटस्टार पर भी 14 अगस्त को ही रिलीज किया जाए।