Hathras Case Protest at Jantar Mantar: उत्तर प्रदेश के हाथरस में मनीषा (Manisha Valmiki Rape Case) के साथ किये गए दुष्कर्म पर पूरे देश में इंसाफ की मांग की जा रही है। सोशल मीडिया पर भी लोग मनीषा के साथ दुष्कर्म करने वाले दोषियों को फांसी पर चढ़ाने की मांग कर रहे हैं। यहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने भी जंतर-मंतर पर एक जन आंदोलन आयोजित किया है और उसमें मनीषा के दोषियों को फांसी पर चढ़ाने की मांग की है।
केजरीवाल ने की दुष्कर्मियों को जल्द फांसी चढ़ाने की मांग
आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं द्वारा दिल्ली में जंतर-मंतर पर एक जन आंदोलन का आयोजन करवाया गया, जिसका नेतृत्व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने किया। केजरीवाल ने जन आंदोलन में जनता के सामने अपनी मांग रखते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के हाथरस में मनीषा के साथ हुए दुष्कर्म के आरोपियों को जल्द फांसी दी जानी चाहिए। इसके अलावा उन्होंने पीड़ित परिवार को खुला छोड़ने की मांग भी की क्योंकि अभी पीड़ित परिवार को कस्टडी के अंदर रखा गया है। केजरीवाल ने कहा कि मनीषा के परिवार को खुला छोड़ना चाहिए और उन्हें जिस से मिलना है उनसे मिलने देना चाहिए।
जनता को संदेश देते हुए केजरीवाल ने कहा कि अगर दुष्कर्मी को जल्द फांसी मिल जाए तो अगली बार ऐसे कुकर्म का दुस्साहस करने से पहले कोई भी अपराधी सौ बार सोचेगा। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर केजरीवाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि पीड़िता को ठीक से इलाज नहीं मिल पाया और आखिरकार उसकी जान चली गई। पहले तो दुष्कर्म की FIR भी नहीं की गई थी और बाद में पीड़िता का शव भी जला दिया गया।
आरोपियों को बचाने की कोशिश की गयी: केजरीवाल
उत्तर प्रदेश सरकार पर संगीन इल्जाम लगाते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आरोपियों को बचाने की भी कोशिश की गई जो की न्याय के पक्ष में नहीं है। केजरीवाल ने यह भी कहा कि कुछ रिपोर्ट ऐसी भी है जिनमें कहा जा रहा है कि हाथरस में कोई दुष्कर्म नहीं हुआ। ऐसे में सामान्य जनता के मन में यह आ रहा है कि सरकार आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रही है। यह सरासर अन्याय है। ऐसा नहीं होना चाहिए। जिस परिवार ने अपनी बच्ची खोई है उन्हें सहानुभूति के साथ इंसाफ मिलना चाहिये।
बात को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने यह भी कहा कि किसी के साथ दुष्कर्म नहीं होना चाहिए और इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी सरकारों, पार्टियों और पूरे देश को मिलकर ऐसी व्यवस्था करनी पड़ेगी कि बहू-बेटियां सुरक्षित हो सकें और उनके नागरिक अधिकारों का हनन न हो। अपने इस बयान के दौरान अरविंद केजरीवाल ने उत्तर प्रदेश सरकार से विनती करते हुए कहा कि आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए। उनको जल्दी से जल्दी फांसी दिलवाई जाए।
राजस्थान में मामलों पर भी बोले केजरीवाल
हाल ही में राजस्थान में भी कुछ कुकर्म के मामले सामने आए हैं। ऐसे में कई लोग यह भी कह रहे हैं कि राजस्थान में हुए कुकर्म के मामलों में कोई नहीं बोल रहा और उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ़ राजनीति की जा रही है। ऐसे में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ‘उत्तर प्रदेश में दुष्कर्म हो रहा है तो कोई कहता है कि राजस्थान में भी तो हुआ। यह तो कोई तर्क नहीं है। राजस्थान में हो या उत्तप्रदेश में, वह हमारी ही बेटी है। हर राज्य में ऐसे मामलों में इंसाफ मिलना चाहिए’।
बता दें कि केजरीवाल के इन बयानों के बाद जंतर मन्तर में शुक्रवार को सियासत गर्म दिखाई दी। हर जगह पर पीड़ित को इंसाफ दिलाने के पोस्टर और बैनर दिखाई दिए। जन आंदोलन से इकट्ठा हुई भीड़ के कारण राजीव चौक व पटेल चौक मेट्रो स्टेशन के गेट सहित जनपथ को भी कुछ समय के लिए बंद रखना पड़ा।