International Women’s Day 2021: दुनिया भर में आज 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जा रहा है। विकसित और विकासशील देशों में महिला सशक्तिकरण की बातें भी जोरों शोरों में की जा रही है। हमारे देश भारत में भी यह दिन बेहद उल्लास के साथ मनाया जाता है। महिलाओं की उपलब्धियों के जश्न मानाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाता है। इसमें अलग अलग क्षेत्रों की महिलाओं को सम्मानित किया जाता है। इसके साथ ही महिलाओं के उत्थान की बातें की जाती है। लेकिन क्या आप जानते हैं इसके आयोजन कब और कैसे किया गया? अगर आपके मन में भी आते हैं ऐसे सवाल तो इस लेख के माध्यम से आप इन सवालों का जवाब जान सकते हैं।
जानिए अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन कैसे हुआ
बता दें कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के आयोजन महज एक श्रम आंदोलन था जिसे संयुक्त राष्ट्र ने सालाना आयोजन के तौर पर स्वीकृति दी थी। इस आंदोलन की शुरुआत 1908 में की गई, जब न्यूयॉर्क शहर में पंद्रह हजार महिलाओं ने काम के घंटे कम करने, बेहतर वेतन पाने और वोट देने की मांग के साथ विरोध प्रदर्शन किया था। इसके एक वर्ष बाद अमेरिकी सोशलिस्ट पार्टी ने पहली बार अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाने की शुरुवात की। परन्तु इस दिन को अंतरराष्ट्रीय बनाने के विचार क्लारा जेटकिन नामक महिला को आया।
उन्होंने अपना ये आईडिया वर्ष 1910 में कॉपेनहेगन में आयोजित इंटरनेशनल कांफ्रेंस ऑफ़ वर्किंग वीमेन में दिया था। इस कांफ्रेंस में 17 देशों की लगभग 100 महिलाओं ने हिस्सा लिया था। इन सभी ने क्लारा जेटकिन के विचार की सराहना की। इसके बाद वर्ष 1911 में पहली बार ऑस्ट्रिया, डेनमार्क, जर्मनी, स्विट्जरलैंड में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया था। वर्ष 2011 में इसका शताब्दी आयोजन मनाया गया था। आधिकारिक तौर पर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस को मानाने की शुरुवात 1975 में तब की गई जब संयुक्त राष्ट्र ने इसे मानना आरंभ किया। बता दें कि संयुक्त राष्ट्र ने 1996 में पहली बार इसे एक विशिष्ठ थीम के साथ आयोजित किया, जिसका नाम रखा गया ‘अतीत का जश्न मनाओ, भविष्य की योजना बनाओ।’
ये हैं अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस को प्रदर्शित करने वाले रंग?
हर साल अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन 8 मार्च को होता है। हालांकि क्लारा द्वारा जब अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का आईडिया दिया गया था तब उन्होंने किसी ख़ास दिन का जिक्र तो नहीं किया था। इंटरनेशनल वीमेंस डे को प्रदर्शित करने के लिए तीन रंग बैंगनी, हरा और सफेद हैं। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस कैंपेन की माने तो बैंगनी रंग गरिमा और न्याय का प्रतीक है तो हरा रंग उम्मीद का प्रतीक होता है। वहीँ सफ़ेद रंग शुद्धता का प्रतीक माना गया है। ये तीनों रंग ब्रिटेन की वीमेंस सोशल एंड पॉलिटिकल यूनियन (डब्ल्यूएसपीयू) द्वारा 1908 में तय किये गए थे।