Solar Eclipse 2020: 21 जून को लगने वाला सूर्य ग्रहण क्यों है खास? जानें ग्रहण का सूतक काल, तारीख और समय!

June 21 Surya Grahan Date Timing and How To Watch: इस महीने का दूसरा ग्रहण 21 जून, रविवार को सूर्य ग्रहण (Solar Eclipse 2020) के तौर पर लगने वाला है, इससे पहले 5 जून को उपच्छाया चंद्र ग्रहण की घटना देखने को मिली थी। खगोलीय घटना में ग्रहण का विशेष महत्व होता है। और ज्योतिष के नजरिये से भी रविवार आषाढ़ अमावस्या को लगने वाले वलयाकार सूर्य ग्रहण को काफी महत्वपूर्ण घटना बताया जा है। यह सूर्य ग्रहण कंकणाकार ग्रहण भी कहलाता है, क्योंकि इसमें सूर्य किसी चमकीले छल्ले की तरह नजर आता है। और इसमें सूर्य का करीब 99 प्रतिशत हिस्सा चंद्रमा की छाया में छिप जाता है। 26 दिसंबर 2019 को भी इसी तरह का सूर्य ग्रहण देखने को मिला था।

जानिए कब लगता है सूर्य ग्रहण

जब सूर्य और पृथ्वी की बीच चंद्रमा आ जाता है तो सूर्य का प्रकाश पृथ्वी तक नहीं पहुंच पाता है इस घटना को सूर्य ग्रहण कहा जाता है। इस वर्ष 21 जून को सूर्य और पृथ्वी के बीच चंद्रमा ऐसी स्थिति में आ जायेगा कि सूर्य का आधे से ज्यादा हिस्सा छिप जायेगा।

जानिए ग्रहण का समय काल

ज्योतिष आर्चायों के अनुसार 21 जून को सूर्य ग्रहण दिन में 9:16 बजे शुरू होगा, जिसका चरम दोपहर 12:10 बजे होगा। और समापन दोपहर में करीब 3:04 बजे होगा। ग्रहणकाल की अवधि 5 घंटे 48 मिनट तक रहेगी। भारत में ग्रहण का आरंभ 9: 56 बजे से होगा। यहाँ ग्रहण का मध्य दिन में 11: 30 बजे होगा जबकि ग्रहण का मोक्ष 1: 20 बजे होगा।

सूर्य ग्रहण का सूतक काल

बता दें कि भारत में सूर्य ग्रहण 9: 56 बजे आरम्भ होगा, इस वजह से ग्रहण का सूतक काल 12 घंटे पहले मान्य होगा। यानी यहाँ सूतक काल 20 जून, शनिवार 9:56 बजे शुरू हो जायेगा। इस समय में मंदिरों के कपाट बंद रहते हैं और देवी देवताओं की मूर्तियों को स्पर्श करना अशुभ माना जाता है।

कहाँ कहाँ दिखेगा यह सूर्य ग्रहण?

यह सूर्य ग्रहण भारत समेत दुनियाभर के कई देशों में दिखाई देगा। जिनमें भारत समेत पाकिस्तान, चीन, सेंट्रल अफ्रीका के देश, कॉन्गो, इथोपिया, नॉर्थ ऑफ ऑस्ट्रेलिया, हिंद महासागर और यूरोप के अलग-अलग देश शामिल हैं।

सूर्य ग्रहण के दौरान क्या करें?

  • सूर्य ग्रहण के इस अद्भुत नज़ारे को देखने के लिए चश्मे या कैमरे में उचित फिल्टर का उपयोग करें।
  • पिन होल कैमरे या टेलीस्कोप से परदे पर सूर्य ग्रहण का प्रतिबिंब देख सकते हैं।
  • वैज्ञानिकों के अनुसार सूर्य ग्रहण के दौरान खाने-पीने, नहाने और बाहर जाने में कोई हानि नहीं है।

सूर्य ग्रहण के दौरान क्या न करें

  • सूर्य ग्रहण की घटना को सीधे कोरी आंखों से न देखें।
  • सूर्य ग्रहण को एक्स-रे फिल्म या साधारण चश्मे से भी नहीं देखना चाहिए।
  • पेंट किए हुए शीशे से भी यह ग्रहण देखना सुरक्षित नहीं होता है।

Leave a Comment